![](https://azadsamacharindia.com/wp-content/uploads/2024/12/img_3266-1.jpg)
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर सहित पूरे प्रदेश में बुधवार सुबह 35 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। बुलंदशहर में कोहरे के चलते 10 वाहन आपस में टकरा गए।
पहले एक रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत हुई, फिर पीछे से 8 और गाड़ियां इनसे टकरा गईं। इस हादसे में 28 लोग घायल हो गए जिनमें से 8 की हालत नाजुक है।
प्रदेश में सबसे सर्द रहे सोनभद्र में पारा 4.6 डिग्री पहुंच गया। यह प्रदेश में सबसे कम है। बुधवार सुबह से 35 शहरों में कोहरा छाया हुआ है। जिससे विजिबिलिटी 80 मीटर रह गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 5 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। कोहरा छाएगा और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। शीतलहर नहीं चलेगी, लेकिन गलन बरकरार रहेगी।
मथुरा में सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। बुधवार सुबह तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मेरठ में सुबह से कोहरा छाया हुआ है। न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। शहर की हवा प्रदूषित हो गई। एयर क्वालिटी इंडेक्स 324 पहुंच गया।गाजियाबाद में सुबह के समय पारा 6 डिग्री सेल्सियस रहा, दिन का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आज हवा की गति 4 किमी की है। दिन में अधिक प्रदूषण के चलते धुंध जैसा मौसम रहेगा।
सीएसए के मौसम विभाग के प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि हवा में नमी 92 प्रतिशत हो गई है। अभी कोहरा और बढ़ेगा। इस समय उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं जिनकी गति 1.4 किमी प्रति घंटा है। आने वाले 5 दिनों में धुंध बनी रहेगी, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के कारण बने चक्रवाती घेरे से उत्तर प्रदेश में नमी का मौसम बना हुआ है। हवा की रफ्तार 30-35 किमी प्रति घंटा बनी हुई थी। 72 घंटे के बाद बुधवार को इसकी गति 3-5 किमी प्रति घंटा तक रह गई। औसत गति मात्र 1 किमी प्रति घंटा रह गई। ठिठुरन भरी सर्दी इससे कुछ थम गई। अनुमान है कि अगले 24 घंटे में हवाएं फिर से रफ्तार पकड़ेंगी।