
संवाददाता
कानपुर। रविवार सुबह 9 बजे के बाद से ही अचानक घने काले बादल छा गए। तेज हवाएं भी चल रही थी। मौसम विभाग ने भी आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि आउटर क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई है।जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है।
कानपुर के साथ यूपी में इस बार नौतपा लोगों को ज्यादा नहीं सताएगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस बार नौतपा में भी तापमान 42 डिग्री के पार नहीं जाएंगे। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। 26 मई तक आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही बारिश और लगातार आ रही नम हवाओं से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ हैं। कानपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम होकर 36.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान बादलों की आवाजाही के चलते बढा हुआ हैं। न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 26.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
कानपुर समेत आसपास के जिलों में अगले 5 दिनों तक बारिश के साथ बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। यहाँ 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। लेकिन हवा में नमी का प्रतिशत 67 तक पहुंच गया है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डा. एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि नौतपा इस बार ज्यादा नहीं तपेगा। इसका बड़ा कारण है कि अप्रैल से मई तक बीच-बीच में बारिश होती रही है।
इसके अलावा वेर्स्टन डिस्टर्बेंस आते रहे हैं। अरब सागर से अब लगातार नम हवाएं आ रही हैं। दक्षिण-पश्चिम से आने वाली नम हवाएं भी लगातार आ रही है। इससे पूर्वानुमान है कि नौतपा इस बार ज्यादा नहीं तपेगा।
इस बार अधिकतम तापमान ज्यादा नहीं होगा। बल्कि 42 डिग्री के अंदर ही तापमान रहने के आसार हैं। मौसम विभाग नौतपा के दिनों में भी आंधी-बारिश को लेकर लगातार अलर्ट जारी कर रहा है। इससे साफ है कि तापमान ज्यादा नहीं बढ़ेगा।
मानसून के पैटर्न पर इसका असर पड़ता है। यूपी में मानसून में औसतन 886 मिमी बारिश दर्ज की जाती है। बारिश जब लगातार होती है तो इसका फायदा होता है। 15 दिन में एक बार मूसलाधार बारिश हो और 100 मिमी बारिश दर्ज की जाय तो आंकड़ों में मानसून अच्छा माना जाता है, लेकिन इसका ज्यादा फायदा नहीं होता है।