March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
झींझक के जुरिया गांव में राज्य कर विभाग के सेवानिवृत्त अपर आयुक्त कृष्ण चंद्र पांडेय ने एक अनोखी पहल की है। उन्होंने ज्ञान क्लब की स्थापना कर गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने का बीड़ा उठाया है।
ज्ञान क्लब में छात्रों को नि:शुल्क कोचिंग के साथ-साथ पुस्तकें और अध्ययन सामग्री भी दी जाती है। क्लब में समाचार पत्रों का नियमित वितरण होता है। यहां सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है।
पांडेय की मेहनत रंग ला रही है। उनके द्वारा शिक्षित कई छात्र दारोगा और लेखपाल जैसे सरकारी पदों पर नियुक्त हो चुके हैं। वे कहते हैं कि छात्रों की सफलता से मिलने वाली खुशी ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है।
ज्ञान क्लब के अलावा पांडेय समाज सेवा के अन्य कार्य भी करते हैं। वे अज्ञानता और निर्धनता दूर करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाते हैं। गरीब परिवारों को दुधारू बकरियां देते हैं। इसके साथ ही सूचना के अधिकार का प्रशिक्षण शिविर भी लगाते हैं।
पांडेय का मानना है कि शिक्षा हर किसी का अधिकार है। उनका प्रयास है कि आर्थिक कमजोरी किसी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने। ज्ञान क्लब के माध्यम से वे गरीब बच्चों के सपनों को उड़ान दे रहे हैं।