
संवाददाता
कानपुर। प्रदेश में लखनऊ समेत कई हिस्सों में हुई बारिश से कानपुर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लखनऊ से आई नम व हल्की ठंडी हवाओं ने कानपुर के अधिकतम तापमान को कम कर दिया।
अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम होकर 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान भले कम हुआ हो, लेकिन गर्मी और धूप की तपिश बरकरार रही। वहीं सुबह से चल रही तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है। हालांकि बादलों की आवाजाही से उमस बढ़ गई है।
कानपुर में चल रही तेज हवाओं ने भी तापमान को कम कर दिया है। दिन में 10.1 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। वहीं रात में चली हवाओं ने भी राहत दी। हालांकि बादलों की आवाजाही के चलते रात के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में 23 से 25 मई तक आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय स्तर पर बारिश की संभावना भी बन रही है।
वहीं हवा में नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। हवा में नमी का प्रतिशत 76 तक पहुंच गया है।