
संवाददाता
कानपुर। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 101 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल मालिकों को बड़ी राहत मिली है।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदा मोबाइलो की शिकायतों पर कार्रवाई की। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सहायता से इन मोबाइलों को ट्रेस किया गया। बरामद किए गए 101 फोनों में स्मार्टफोन और कीपैड मोबाइल दोनों शामिल हैं।
बरामद मोबाइलों को थानों में सूचीबद्ध करके उनके मालिकों को सूचित किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कानपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। कई मालिकों ने बताया कि उनके फोन में महत्वपूर्ण दस्तावेज, तस्वीरें और संपर्क नंबर थे, जिनके वापस मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई है।
डीसीपी पूर्वी ने जानकारी दी कि मोबाइल बरामदगी का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं और आईएमईआई नंबर उपलब्ध कराएं। इससे पुलिस को मोबाइल ट्रेस करने में मदद मिलेगी।
इस कार्रवाई से पुलिस पर जनता का विश्वास बढ़ा है और मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में भी सहायता मिलेगी।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने यह भी बताया कि ये शिकायतें यूपीकॉप और सीईआईआर प्लेटफॉर्म के माध्यम से दर्ज की गई थीं। शिकायतों के आधार पर सर्विलांस की मदद से मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे गए।





