March 3, 2026

• कई महीनों की मशक्कत के बाद पुलिस को मिली सफलता।

संवाददाता 

कानपुर। नगर की अरौल पुलिस ने एक बड़े अन्तर्राष्ट्रीय ट्रांसफॉर्मर  चोरों के गिरोह को कई महीनों की मेहनत के बाद  गिरफ्तार  करने  में सफलता हासिल की है । 

पुलिस के अनुसार यह गिरोह बीते चार महीनों से बिल्हौर सर्किल, अरौल क्षेत्र, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव सहित कई जिलों में ट्रांसफॉर्मर, बिजली के तार और डीजल इंजन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। 

चोरी की बढ़ती घटनाओं से परेशान ग्रामीणों और किसानों को राहत देते हुए पुलिस ने इस संगठित गैंग को धर दबोचा।पिछले कुछ महीनों में बिल्हौर और अरौल इलाके में बिजली के तार काटने, ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने और खेतों में सिंचाई के लिए रखे डीजल इंजनों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं।  

मुखबिरों के संजाल और सर्विलांस की बदौलत पुलिस को कई महीनों की मशक्कत के बाद यह सफलता हासिल हो सकी है।

बकोठी गांव में ट्रांसफॉर्मर से तेल की बड़ी चोरी और नानामऊ तिराहे के पास दर्जनभर डीजल इंजन चोरी होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार विशेष टीमें गठित की गईं। 

थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने क्षेत्र में लगातार छानबीन करते हुए गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी और विभिन्न तकनीकी व मानवीय सूत्रों की मदद से सुराग जुटाए।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मिडुआ क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी में बड़ी मात्रा में बिजली के तार, ट्रांसफॉर्मर की प्लेटें, डीजल इंजनों के विभिन्न पार्ट्स, चोरी में इस्तेमाल होने वाले कटर, खंभों पर चढ़ने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली विशेष चप्पलें, एक मोटरसाइकिल और एक लोडर वाहन शामिल हैं। यह बरामदगी साबित करती है कि गिरोह अत्यंत सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था।

स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने पुलिस की इस सफलता की सराहना की है। 

थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों एवं चोरी का माल खरीदने वाले लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी और उपकरणों की कटान में काफी कमी आएगी तथा ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी।