June 18, 2026

संवाददाता

कानपुर।  महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित छिवली नदी के पास कानपुर प्रयागराज नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसा हो गया। एक खड़े एक ट्राला में पीछे से पिकअप जाकर भिड़ गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक की पहचान फतेहपुर जनपद के पूर्वा खेड़ा खजुहा निवासी विकास के रूप में हुई है। विकास ने बताया कि वह चौडगरा से ब्रेड लादकर इटावा गया था। इटावा में ब्रेड खाली करने के बाद वह वापस फैक्ट्री लौट रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्राला कई घंटों से नेशनल हाईवे पर खड़ा था। ट्राला चालक ने बताया कि वाहन में खराबी आ जाने के कारण उसे मजबूरन हाईवे पर खड़ा करना पड़ा।
हादसे में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की लापरवाही भी सामने आ रही है। आरोप है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग करती है, लेकिन खराब खड़े ट्राला पर किसी की नजर नहीं पड़ी। हादसे के लगभग दस घंटे बाद भी ट्राला और पिकअप को हाईवे से नहीं हटाया गया था।
इस संबंध में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी और कर्मचारियों को तुरंत मौके पर भेजकर सड़क से वाहनों को हटवाया जाएगा, ताकि यातायात बाधित न हो। 

Related News