
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर समेत आसपास के जिलों में अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को लू का एहसास करा दिया। पारा 39 डिग्री पहुंचने से दिन बेहद गर्म हो गया। वहीं तेज गर्म हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया।
मार्च में पारा 40 के करीब पहुंचने पर तापमान ने 22 साल को रिकॉर्ड तोड़ दिया। कड़ी धूप के चलते तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया। ये सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे अभी तेज हवाओ का जोर रहेगा। अब गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक इस बार अत्यधिक गर्मी के दिन बढ़कर दोगुने हो सकते हैं। आमतौर पर अत्यधिक गर्मी के दिन 5 से 6 होते हैं, लेकिन इस बार 10 से 12 दर्ज किए जा सकते हैं। इस बार पिछली बार के मुकाबले गर्मी का असर भी दोगुना हो सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ गुजर गया पर इस बार सर्द हवाएं नहीं चलीं। बीते 24 घंटे के दौरान तेज हवाए चलने की संभावना थी, लेकिन इसकी गति बेहद सामान्य रही। लेकिन 5-10 किमी प्रति घंटा की ही रफ्तार से हवाएं चलीं। आसमान साफ रहने के कारण सुबह से तेज धूप खिली हुई है।
न्यूनतम तापमान में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। 22 मार्च से लगातार तापमान तेजी से चढ़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में हल्के बादल छाए हुए हैं। फिर भी प्रदेश के अन्य जिलों के तापमान पर इसका असर नहीं पड़ेगा। तापमान में अभी और वृद्धि संभव है। तेज हवाएं चलेंगी जो गर्म रहेंगी। रात में भी गर्मी बढ़ सकती है। फिलहाल कोई विक्षोभ नहीं आ रहा है।