
आ स. संवाददाता
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर में लेबर मंडी के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने मजदूर को कुचल दिया। इसके बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूर को अस्पताल लेकर गई, जहां पर उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चकेरी पुलिस शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने श्याम नगर लेबर मंडी के सामने एक मजदूर को कुचल दिया। डंपर के नीचे आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला।
मामले की जानकारी मिलते ही चकेरी थाने की पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। मजदूर के पास ऐसा कुछ भी नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
डीसीपी ईस्ट ने बताया कि डंपर चालक और गाड़ी की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से डंपर का नंबर और फिर नंबर के आधार पर गाड़ी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
पहचान होते ही डंपर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके बाद डंपर चालक की अरेस्टिंग की जाएगी। इसके साथ ही डंपर को भी पुलिस अपने कब्जे में लेगी।