
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर में अनियंत्रित लोडर बाइक सवार को टक्कर मारते हुए कुचलकर खड्ड में जा पलटा। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर हंगामा किया, मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनो को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, इसके बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद से परिजनो का रो रोकर बुरा हाल है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी सुमित पुत्र ओमप्रकाश गुजरात में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था, युवक कुछ दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। सोमवार सुबह सुमित घर से पेट्रोल डलवाने की बात कहकर निकला था, युवक ने फायर स्टेशन के सामने स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाया इसके बाद वापस घर लौट रहा था, तभी घाटमपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार लोडर अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवक को टक्कर मारते हुए कुचलकर हाइवे किनारे खड्ड में पलट गया।
हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनो ने हंगामा शुरू कर दिया। यहां से निकल रहे राहगीरों ने घटना की सूचना फोनकर पुलिस को दी। जानकारी मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनो को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया है। इसके बाद पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिली थी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक सुमित पांच भाइयों ने सबसे बड़ा था, सुमित ने एक साल पहले सजेती थाना क्षेत्र के रैपुरा निवासी अल्का के साथ लव मैरिज की थी, इसके बाद से दोनों खुश थे, पत्नी अल्का ने बताया कि आज सुमित उसे कानपुर मूवी दिखाने के लिए लेकर जाने वाला था, लेकिन उससे पहले हादसा हो गया और वो मुझे हमेशा के लिए अकेला छोड़कर चला गया।






