March 3, 2026

संवाददाता

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के स्कूल आफ हेल्थ साइंसेस में दो साप्ताहिक फिजियोथेरेपी कार्यशाला का आयोजन किया गया है।

इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता डा. मनोज कुमार देशमुख, लेक्चरर गवर्नमेन्ट फिजियोथेरेपी कालेज रायपुर छत्तीसगढ़ ने ‘‘फिजियोथेरेप्यूटिक एप्रोचेस इन न्यूरो रिहैबिलिटेशन’’ में प्रयोग होने वाले न्यूरो मेकैनिकस् विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह तकनीकी सिद्धान्तों एवं तकनीकों पर केंद्रित है जो फिजियोथेरेपी में नवीनतम अनुसंधान और विकास को दर्शाता है। यह वर्कशाप नवीनतम न्यूरो मेकैनिकस् तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करता है जिससे फिजियोथेरेपिस्ट अपने मरीजों को बेहतर सेवायें प्रदान कर सकते हैं। 

संस्थान के निदेशक डा. मुनीश रस्तोगी के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में विश्वविद्यालय के डीन प्रशासन डा. दिग्विजय शर्मा ने कहा कि न्यूरो रिहैबिलिटेशन से सम्बन्धित यह कार्यशाला फिजियोथेरेपिस्टों को न्यूरो मेकैनिकस् की मूल बातों और इसके अनुप्रयोगों को समझने में मदद करता है तथा अपने व्यावसायिक कौशलों में सुधार करने और अपने कैरियर में आगे बढ़ने में मदद करता है। 

संस्थान की सहायक निदेशिका डा. हिना वैश्य ने मंच का संचालन करते हुये कहा कि अद्भुत फिजियोथेरेपिस्ट बनने में वर्कशॉप प्रतिक्रियात्मक ज्ञान और हैंड्स-ऑन अनुभव प्रदान करेगा जो क्लिनिकल सेटिंग्स में सीधे लागू होगा। कार्यशाला के समन्वयक डा. नेहा शुक्ला एवं डा. आदर्श कुमार श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और वर्कशॉप में आने वाले छात्रों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने के रूप में महत्वपूर्ण दर्शाया। उन्होंने वर्कशॉप को छात्रों के पेशेवर विकास में महत्वपूर्ण योगदान करने की आशा जताई जिससे उन्हें अद्भुत फिजियोथेरेपिस्ट बनने में मदद मिलेगी। 

इस कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक डॉ. चन्द्रशेखर कुमार डॉ. उमेश कुमार मौर्या, अमिल अग्रवाल, विनय कुमार शाह और खुशबू अंजुम आदि उपस्थित रहे।