
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोर संचालक से रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
बंभियापुर गांव निवासी सुनील कुमार का अरौल क्षेत्र के रौगांव में सुक्खापुरवा गांव के सामने एक कोल्ड स्टोर है। सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि सुक्खापुरवा गांव निवासी पुनीत कुमार पुत्र प्रवेश, उसके मित्र शिवजी पुत्र वीनू, प्रीत पुत्र रामकुमार और दो अज्ञात लोगों ने उनसे जबरन रंगदारी वसूली। आरोपियों ने उनसे पहले 2 लाख 25 हजार रुपए लिए और फिर 5 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग की।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने अतिरिक्त राशि देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सुनील कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर तत्काल मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की गई।
इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी पुनीत कटियार की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम ने उसे विषधन मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुनीत कटियार के खिलाफ पहले से ही दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






