
संवाददाता
कानपुर। एक ट्रक ड्राइवर को गो-तस्करों ने पीट-पीट कर मार डाला। ड्राइवर ने मवेशियों से भरे ट्रक को ले जाने से इनकार किया था। इसी बात को लेकर उनका झगड़ा हुआ। तस्करों ने लोहे की रॉड और डंडों से इस कदर पीटा कि ड्राइवर की मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। पूरा मामला जाजमऊ थाने की जमजम मस्जिद के पास का है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।
औरैया के रजा नगर निवासी सलीम अहमद ट्रक ड्राइवर थे। सलीम के भतीजे रिजवान ने बताया, उनके चाचा जाजमऊ निवासी भाइयों शीबू, सोनू और फरहान की गाड़ी चलाते थे। सलीम को कानपुर से गाड़ी ले जाने के लिए बुलाया गया था।
सलीम कानपुर पहुंचे तो उन्हें मवेशी लादकर गाड़ी ले जाने के लिए कहा गया, जिसका उन्होंने विरोध किया।
रिजवान का आरोप है कि गुस्साए गाड़ी मालिक शीबू, सोनू और फरहान ने लोहे की रॉड और डंडे से पीट-पीट कर सलीम की हत्या कर दी। मामले की जानकारी पर जाजमऊ थाने की पुलिस पहुंची। इसके बाद शव को गुपचुप तरीके से कांशीराम हॉस्पिटल, फिर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया गया।
मृतक के परिजनों ने जाजमऊ थानेदार पर आरोप लगाया है कि दोपहर तक मामले को दबाए रहे। तहरीर में भी कुछ लोगों के नाम हटाने पर ही एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।
मृतक की पत्नी उजमा खातून ने बताया कि सलीम ने मौत से पहले घर पर फोन किया था और बताया था कि शीबू, उसका भाई और गुंडे उसकी हत्या कर देंगे। उसे किसी तरह बचा ले। बेटी ने मामले की जानकारी परिवार को दी और फिर परिवार के लोग आनन-फानन में कानपुर पहुंचे।
मृतक के उन्नाव में रहने वाला दामाद सिद्दीक उमर सबसे पहले जाजमऊ पहुंचा। तब उसे हत्याकांड की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार के लोग कानपुर पहुंचे।
मृतक सलीम के साले कबीरूल हसन ने बताया, सोनू, शीबू और फरहान भैंस और गाय की तस्करी करते हैं। आज इन लोगों ने मेरे जीजा सलीम को गाड़ी ले जाने के लिए कहा। जिसका उन्होंने विरोध किया। इसके बाद तीनों भाइयों ने उन्हें पीटा और उनकी जान ले ली। पुलिस ने मेरी भांजी को फोन करके बताया कि आपके पिता की मौत हो गई है। जिसके बाद हम लोग पहुंचे। तब मेरे जीजा जिंदा थे। लेकिन जाजमऊ थाने के दरोगा ने उनको बोरे में भर दिया।
एडीसीपी ईस्ट मनोज पांडे ने बताया, किसी बात को लेकर गाड़ी मालिकों का चालक से विवाद हो गया था। जिसके बाद उन लोगों ने चालक को पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रास्ते में ही घायल सलीम ने दम तोड़ दिया। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।






