
आ स. संवाददाता
कानपुर। तापमान अब तेजी से बढ़ने लगा हैं। रात और दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी होना शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल माह के पहले सप्ताह में ही पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। इसके साथ ही लू चलने की संभावनाएं बनने लगी हैं। बुधवार सुबह से ही कड़ी धूप निकली हुई है। हालांकि ऊंचे बादलों की आवाजाही भी बनी हुई है।
बीते 72 घंटों से दिन का पारा लगातार चढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंच गया। रात के तापमान में भी मामूली वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में एक से दो डिग्री तापमान में वृद्धि होगी, लेकिन इसके बाद जल्द ही तापमान 40 डिग्री या इसके नजदीक पहुंच जाएगा।
विक्षोभों और मौसम में उतार चढ़ाव के कारण यूपी के नीचे भाग और पूर्वी राज्यों में उथल-पुथल जारी है। अभी तक मौसम स्थिर नहीं हो पाया है।
तापमान में जिस तेजी से बढ़ोतरी होनी थी वह नहीं हो पाई है। बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 35.2 से बढ़कर 36 डिग्री हो गया।रात का तापमान 15.6 से 15.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से कम है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अगले 24 घंटे में पारा चढ़ेगा, लेकिन अधिक नहीं। इसके बाद से लगातार तेजी से तापमान में वृद्धि होगी।