March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  नए साल का स्वागत कड़ाके की ठंड के साथ होगा। मौसम विभाग के अनुसार, नववर्ष की पूर्व संध्या पर एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण नए साल के पहले दिन जम्मू कश्मीर व लेह लद्दाख में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। जिसके कारण कानपुर मंडल में उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति कम होगी। रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।
ऐसे में कोहरा बढ़ेगा। 31 दिसंबर 2025 व एक जनवरी 2026 को कानपुर में कोल्ड डे रहने की संभावना है। वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि एक जनवरी को बारिश भी हो सकती है।
पिछली रात शहर का तापमान प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3.1 डिग्री कम था। सुबह कोहरा रहने से विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई। सुबह 11 बजे तक सूरज के दर्शन न होने से तापमान गिरा रहा। 12 बजे के बाद बादलों से सूरज ने दर्शन दिए, जिसके बाद सड़कों पर हल्की धूप निकली लेकिन ठंडी हवाओं ने मौसम में गलन बरकरार रखी। देर शाम से सूरज के बादलों में छिपते ही बर्फीली हवाओं ने कंपकपी छुड़ा दी। अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 5.3 डिग्री कम था।
ठंड बढ़ने के साथ साथ गर्म कपड़ों के बाजार में लोगों की भीड़ पहुंचने लगी है। परेड स्थित गर्म कपड़ों की बाजार में लोगों की भीड़ पहुंची। लोगों ने जैकेट, स्वेटर, कार्डिगन, टोपा और इनर की खरीदारी की। इनके अलावा नवीन मार्केट, गुमटी नंबर पांच, सीसामऊ बाजार और गोविंद नगर समेत कई बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही।
कोहरे व धुंध के चलते 43 ट्रेनें तय समय से देरी से आईं। बनारस से नई दिल्ली जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22435) 04.06, बनारस से अगरतला जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (20175) 04.39 घंटे, अयोध्या कैंट से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22425) 07.06 घंटे देरी से आई। इसके अलावा राजधानी और गरीब रथ समेत कई ट्रेनें भी लेट रहीं।