May 23, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  क्रिकेट और फुटबाल प्रेमियों के लिए कानपुर नगर निगम एक नई सौगात देने जा रहा है। नगर निगम शहर के 16 अलग-अलग स्थानों पर बॉक्स क्रिकेट व फुटसल ग्राउंड तैयार करेगा। इसके साथ ही 4 फुटसल ग्राउंड का निर्माण कार्य शुरू हो गया है और सप्ताह भर के भीतर अलग–अलग जोनों में 12 ग्राउंडों का निर्माण शुरू हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक एक फुटसल ग्राउंड लगभग 15 लाख की लागत से तैयार होगा। वहीं नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि एक माह के भीतर सभी ग्राउंड तैयार हो जाएंगे।
खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने शहर के 18 स्थानों पर बॉक्स क्रिकेट व फुटसल ग्राउंड तैयार करने की योजना बनाई थी। जिनमें से शहर के शास्त्री नगर और बाबूपुरवा में फुटसल ग्राउंड तैयार कर लिया गया है। नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने फुटसल ग्राउंड को लेकर बताया कि इस तरह के मैदानों को तैयार करने के लिए नगर निगम की ओर से औसतन 15 लाख रुपए प्रति मैदान पर खर्च होंगे।
इतनी राशि से हम मैदानों में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली सुविधाएं देंगे। उन्होंने बताया कि बॉक्स क्रिकेट में खिलाड़ी क्रिकेट खेल सकते हैं, वहीं फुटसल ग्राउंड में 15 से अधिक खिलाड़ी एक मैच में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्राउंड के मेटीनेंस के लिए लोगों को शुल्क देना होगा। नगर आयुक्त ने बताया कि सभी मैदानों का संचालन पीपीपी मॉडल पर होगा।