February 14, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर।  गोविन्द नगर में बाजार की साप्ताहिक बंदी मंगलवार के दिन लगने वाले फुटपाथ बाजार को नगर निगम ने लगने नही दिया। नगर निगम के अफसर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ रोड पर सुबह से शाम तक निगहबानी करते रहे।

मंगलवार को गोविन्द नगर बाजार की साप्ताहिक बंदी होती है। इसी दिन काफी समय से फुटपाथ व सडक किनारे थाने वाली फुटपाथ पर बाजार लग रहा था। जिसे लोग मंगल बाजार भी कहते है। मंगल बाजार के कारण उक्त सडक पर पूरे दिन जाम की स्थिति रहती थी। वाहनों का निकलना दूभर था। केवल पैदल चलने भर की जगह रहती थी। मंगल बाजार लगाने वाले क्षेत्रीय न होकर अन्य जगहों से आते थे। इन फुटपाथ दुकानदारों मे ज्यादातर एक वर्ग विशेष के होते थे।  इन दुकानदारों की वजह से कई आपराधिक घटनाए होने के कारण भी क्षेत्रीय नागरिकों मे बहुत नाराजगी थी।

इन्हीं सब बातों को लेकर गोविन्द नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रकाश वीर आर्य, हरप्रीत सिंह स्वीटी व नरेन्द्र ग्रोवर ने विधायक महेश त्रिवेदी,भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित सहित नगर निगम एवं पुलिस के अफसरों से मंगल बाजार को बंद कराने को लेकर मांगपत्र सौपा था।अफसरों ने व्यापारियो को आश्वस्त किया था कि इस पर जल्द ही रोक लगाएंगे। नगर निगम जोन 5 के अफसर पिछले तीन दिनो से क्षेत्र में लाउडस्पीकर से मंगल बाजार न लगाने के लिए एलांउस कर रहे थे। शनिवार को जोन 5 के नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते ने नटराज टाकीज के पास लगे फुटपाथ दुकानदारों के अस्थाई निर्माणो को भी  लोडर से ध्वस्त कर दिया था। 

मंगलवार को नगर निगम के अफसर प्रमोद मौर्या, शमशेर बहादुर सिंह नगर निगम फोर्स के साथ सुबह से ही बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त करते रहे। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ फुटपाथ पर बाजार लगाने पर सामान जब्त करने की चेतावनी भी नगर निगम के अफसर दे रहे थे। कुछ जगह पर फुटपाथ दुकानदारों ने सामान फुटपाथ पर उतारकर रखा ही था, कि नगर निगम के अफसरों ने जानकारी मिलते ही वंहा पहुचकर व्यापार मंडल अध्यक्ष के साथ सामान वापस ठेले मे लदवाकर वापस कर दिया।मंगल बाजार न लगने के कारण सडक मंगलवार को खाली खाली सी दिख रही थी। स्थानीय लोग बहुत खुश नजर आए।