February 5, 2025

आ स. संवाददाता

कानपुर। नगर निगम में जन सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओ से सम्बंधित सड़क, नाली, फुटपाथ, पार्क, सीवर, पानी, साफ-सफाई, स्कूल, अस्पताल, मार्ग प्रकाश से जुड़ी शिकायतों का भार लगातार नगर निगम के ऊपर बढ़ता जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी और  विभागाध्यक्ष अपने विभाग की समीक्षा नहीं करते, इस  वजह से समय से जन समस्याओ का निस्तारण भी नहीं हो पाता है। 
जन समस्याओ पर नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने सख्ती कर दी है। अब जनता से जुड़ी हुई शिकायतों का समय से निस्तारण न होने पर संबंधित अपर नगर आयुक्त जिम्मेदार होंगे। नगर आयुक्त ने एक आदेश जारी कर कहा है कि अधिकारियों की लापरवाही की वजह से नगरीय निकाय को प्राप्त होने वाला राजस्व भी लम्बित होता है। यह स्थिति अत्यन्त ही आपत्तिजनक है। 

नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्तों को आदेशित किया है, कि अपने विभाग से सम्बन्धित, आवंटित जोन की प्रतिदिन समीक्षा करें। अपने विभाग में नियमित रूप से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध रूप से करें। 

उन्होंने कहा कि अब समय-समय पर अपर नगर आयुक्तों के साथ ही विभागीय समीक्षा की जायेगी। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी सम्बन्धित जोन, किसी भी प्रकार के निगम के कार्य, टैक्स, अभियन्त्रण, स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायतों के लिये अपर नगर आयुक्त ही सीधे उत्तरदायी होंगे।