
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सांसद अशोक रावत और विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने बैंड़ी गांव स्थित त्रिपुरा पुल पर नदिहा रजबहा की पुनर्स्थापना एवं सीमांकन कार्य का विधिवत पूजन करके शुभारंभ किया।
इस परियोजना पर लगभग तीन करोड रुपए की लागत आएगी। यह व्यापक सुधार कार्य नदिहा रजबहा के 0 से 17.5 किलोमीटर तक किया जाएगा। इसके तहत रजबहा की पटरियों और सर्विस रोड का सुधार शामिल है।परियोजना में रजबहा पर बने 15 पुलों का पुनर्निर्माण, सभी पुलों की प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण, नहर की भूमि का सीमांकन और किलोमीटर स्टोन लगाने का कार्य भी शामिल है।
इसके अतिरिक्त, नहर में स्थापित 44 कुलाबों की मरम्मत और पुनर्स्थापना भी इस परियोजना का हिस्सा है।
शुभारंभ के अवसर पर सांसद अशोक रावत ने ठेकेदारों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की कमीशनखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया, ताकि यह परियोजना किसानों को स्थायी रूप से लाभ पहुंचा सके।
विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने भी नहर तंत्र को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कमजोर रजबहा पटरियां कटने से अक्सर किसानों की फसलें बर्बाद हो जाती हैं।
यह पुनर्स्थापना कार्य किसानों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस उद्घाटन समारोह में अधीक्षण अभियंता द्वितीय मंडल कौशलेश प्रसाद पाण्डेय, अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार सिंह, उप राजस्व अधिकारी दिलनवाज़ खान, सहायक अभियंता प्रमोद कुमार जैसवार, जूनियर इंजीनियर नीरज पाल, रियासत अली, रागेंद्र कुमार, करन कुमार सहित सिंचाई विभाग के कई कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
परियोजना के पूरा होने के बाद, बिल्हौर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता और जल प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।






