
संवाददाता
कानपुर। बाबूपुरवा केस्को बिजली सब स्टेशन पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के विरोध में सपा विधायक हसन रूमी धरने पर बैठ गए हैं। पिछली शाम 6 बजे से बाबूपुरवा समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है।
विधायक ने बताया कि उन्होंने कई बार केस्को अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारी हर बार कुछ घंटों में आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देते रहे। लेकिन बाबूपुरवा, अजीतगंज, बेगमपुरवा और ढकना पुरवा इलाके में पिछले 18 घंटे से बिजली नहीं है।
कैंट से विधायक जब केस्को सब स्टेशन पहुंचे तो वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इस पर वे अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। क्षेत्र के पार्षद अकील सानू, मोहम्मद मेराज और आलोक यादव भी धरने में शामिल हुए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद से लगातार बिजली की समस्या बनी हुई है। शिकायत करने पर विभाग 1-2 घंटे में आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।






