February 14, 2026

संवाददाता
कानपुर।
शनिवार को सर्दी के सीजन की पहली बारिश हुई थी, जिससे शहर के मौसम में बदलाव देखने को मिला। गलन बढ़ गई है। अभी भी बर्फीली हवा चल रही है। लोग अलाव के पास बैठे दिखे। शहर में कुल 4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
सीएसए की मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूनतम पारा 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रात और सुबह के समय हल्की ठंड बनी रही, लेकिन न्यूनतम तापमान ज्यादा रहने के कारण लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली।
दोपहर के समय मौसम में सुधार देखने को मिला। सूरज जरूर निकला, लेकिन बादलों की आवाजाही के चलते धूप और छांव का दौर बना रहा। धूप पूरी तरह तेज नहीं हो सकी, जिससे ठंड का एहसास दिन भर बना रहा। अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में अधिकतम पारा 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 21.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। आने वाले 24 घंटों में नमी के कारण कुछ स्थानों पर बादल छा सकता हैं। 27 जनवरी से एक बार फिर बादल आएंगे। 27 की शाम से 28 जनवरी तक एक बार फिर बारिश की संभावना है। इसके बाद तापमान गिरेंगे।
फरवरी के पहले सप्ताह तक सर्दी बनी रहेगी। बारिश के चलते हवा में नमी बढ़ने से आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। वहीं दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है। बादलों की मौजूदगी के कारण धूप कमजोर रह सकती है। 

Related News