January 13, 2025

कानपुर। साल के अंतिम दिन नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रमिला पांडेय ने नगरवासियो को आने वाले नए साल की बधाई दी। साथ ही डेढ़ साल में शहर में कराए गए, विकास कार्यो को गिनाते हुए प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने आने वाले नए साल 2025 से मेयर आपके द्वार कार्यक्रम के जरिये प्रत्येक वार्ड में जनसमस्या कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएगी। 

नए साल की पूर्व संध्या पर मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम मुख्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि साल 2024 नगर निगम के लिए बेहद खास रहा 251 घण्टे लगातार साफ-सफाई करने के मामले में नगर निगम को नंबर वन का खिताब मिला। जिसके लिए शहरवासी भी इस जीत के हकदार है। आगे उन्होंने बताया कि बीते साल शहर में 48 सौ से भी ज्यादा मैनहोल के ढक्कन लगवाने के साथ करीब पांच हजार ढक्कनों की मरम्मत कराई गई। इसके साथ ही करीब दो हजार सीवर चैंबर बनाये गए। इसी साल नगर निगम ने ढाई सौ करोड़ रुपये की राजस्व वसूली भी की है। एक सौ पचास किलोमीटर सड़क के गड्ढे भरकर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत नालों को पक्का करने का काम किया है। पूरे शहर में सात नलकूप, दो मिनी नलकूप और चौदह बोर किये गए। तेतीस किलोमीटर तक सीवर लाइन डाली गई, जबकि चालीस किलोमीटर नयी पाइप लाइन भी बिछाई गई है।

महापौर ने बताया कि नए साल से अब मेयर आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए शहर के 110 वार्डों में रोजाना डेढ़ घंटे  जनसमस्या कैंप लगाकर क्षेत्रीय लोगों की परेशानी सुनकर उसके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएंगी। साथ ही सालों से बंद पड़े मंदिरों को खुलवाने का अभियान भी जारी रहेगा। नगर निगम के छह जोनों में कूड़ा उठाने की व्यवस्था को बदलकर अब इन सभी जोनों में अलग-अलग निजी कंपनियों को टेंडर दिया जाएगा। जिसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी। स्वरूप नगर इलाके में महिला मार्केट बनाने का भी ऐलान किया है। इसके साथ ही चुन्नीगंज इलाके में बन रहे कन्वेंशन सेंटर और हैलट अस्पताल में आई बैंक भी बनवाने का ऐलान किया गया है।