
संवाददाता
कानपुर। एसआईआर में वोटर लिस्ट को अपडेट किया जा रहा है। जिले में अभी तक कुल एक लाख 61 हजार, 64 लोगों ने नया वोटर बनने के लिए फार्म-6 भरकर आवेदन किया है।
इसमें विधानसभा क्षेत्र महाराजपुर से सबसे अधिक आवेदन आए हैं। यहां से 28,454 युवाओं ने फार्म-06 भरा है। वहीं नसीम सोलंकी की सीट पर 14920 युवा नए वोटर बनने की रेस में शामिल हैं।
एसआईआर के दौरान महाराजपुर विधानसभा के 459884 वोटरों में 129563 के नाम ड्राफ्ट रोल में नाम कटने वाली श्रेणी में शामिल किए गए हैं। इसके अलावा इस विधानसभा के 37604 वोटर नो मैपिंग की कैटेगरी में रखे गए हैं। इस विधानसभा से 330321 वोटर को डिजिटलाइज्ड किया गया है।
वहीं दूसरी ओर, घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र से नए वोटरों के नाम सूची में शामिल कराने के लिए सबसे कम आवेदन सामने आए हैं। यहां से महज 10,638 लोगों ने नया वोटर बनने के लिए फार्म-06 भरा है। इस विधानसभा से 329362 मतदाताओं पर एसआईआर के दौरान 281950 को डिजिटाइज्ड किया गया। इसके अलावा 47412 के नाम कटने वाली श्रेणी में शामिल किए गए हैं।
सीसामऊ विधानसभा के युवा भी नए वोटर बनने में पीछे नहीं हैं। नसीम सोलंकी इस सीट से विधायक हैं। यहां से 14920 युवा नए वोटर बनने की रेस में शामिल हैं।
यहां एसआईआर के दौरान 263498 वोटरों में 199010 को डिजिटाइज्ड किया गया। इसके अलावा 64488 के नाम कटने वाली श्रेणी में रखे गए हैं।
वहीं, 51849 वोटरों ने अपने वोटर आईडी कार्ड में संशोधन कराने के लिए फार्म 08 भरा है। फार्म 08 भरने में जिले की कैंट विधानसभा सबसे आगे हैं। यहां पर 10121 ने नाम या पते के संशोधन के लिए आवेदन किया है। सबसे कम फार्म 08 बिठूर विधानसभा में भरे गए हैं। यहां महज 1790 ने संशोधन के लिए आवेदन किया है।
जिले में फार्म 7 भरकर 2986 ने अपना या किसी अन्य का नाम कटवाने का आवेदन किया है। इस कैटेगरी में सबसे आगे बिठूर विधानसभा है। इस विधानसभा में 556 आवेदन नाम काटने के लिए आए हैं। नाम कटवाने के सबसे कम 75 आवेदन किदवई नगर विधानसभा से आए हैं।






