
संवाददाता
कानपुर। मध्य प्रदेश के देवास जिले की एक महिला को डिजिटल अरेस्ट करके 54 लाख रुपए की ठगी के मामले में बर्रा के तीन युवकों को पुलिस ने उठाया गया है। शहर आई मध्य प्रदेश की देवास कोतवाली पुलिस 3 लोगों को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।
बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि देवास कोतवाली में महिला ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि साइबर ठगों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर उसे 10 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। इसके बाद डरा-धमकाकर अलग-अलग खातों में 54 लाख रुपये ट्रांसफर कराए।
इसके बाद जांच कर रही देवास पुलिस को ठगी की रकम बर्रा इलाके के एक एटीएम से निकाले जाने की जानकारी हुई थी। उसी आधार पर देवास कोतवाली के दरोगा दीपक मालवीय अपनी टीम के साथ शहर पहुंचे। इसके बाद उनकी जानकारी के आधार पर के-ब्लाक, विश्वबैंक कालोनी निवासी आयुष गुप्ता, अखंड प्रताप सिंह और वैभव शुक्ला को उठाया ।
थाने पर पूछताछ करने के बाद देवास पुलिस तीनों को अपने साथ लेकर चली गई।






