
संवाददाता
कानपुर। अवैध रूप से सीवर लाइन जोड़ने पर जलकल ने चुन्नीगंज स्थित कोस्मोजिन लाउंज को नोटिस जारी किया है। जलकल अधिकारियों के मुताबिक सीवर लाइन डालने के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त करने के साथ ही रोड कटिंग की गई है। जिस पर लाउंज से कानपुर नगर निगम व पीडब्ल्यूडी का अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा गया है।
जलकल जोन–4 के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 30 मई को प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान क्षेत्र में निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चुन्नीगंज प्रताप पेट्रोल पंप के पास स्थित कोस्मोजिन लाउंज की सीवर लाइन अवैध रूप से रोड काट कर मेन सीवर लाइन में जोड़ी गई। जिस कारण वाटर लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे करीब 4 हजार उपभोक्ताओं को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी पर नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने लाउंज के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जिस पर लाउंज को नोटिस जारी कर नगर निगम, जलकल विभाग व पीडब्ल्यूडी की एनओसी मांगी गई है। एनओसी न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।






