
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर में विद्युत विभाग के एक संविदा लाइनमैन के साथ लापरवाही का मामला सामने आया है। सिकठिया गांव के हरिश्चंद्र ने बताया कि तीन दिन पहले वह 11000 वोल्ट की लाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान ऑपरेटर उमाशंकर ने बिना सूचना के बिजली चालू कर दी।
हरिश्चंद्र 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। इस हादसे में उसके हाथों की उंगलियां और शरीर का कुछ हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। यह इस महीने का दूसरा मामला है जब उमाशंकर की लापरवाही से हरिश्चंद्र की जान खतरे में पड़ी।
महोली बिजली घर में तैनात ऑपरेटर उमाशंकर पर कई गंभीर आरोप हैं। उनका फोन अक्सर व्यस्त रहता है। शट डाउन लेने या सप्लाई चालू करवाने के लिए लाइनमैन को घंटों इंतजार करना पड़ता है। हरिश्चंद्र ने विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित का आरोप है कि विभाग में संविदा लाइनमैनों के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जाती है।






