April 18, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  केडीए ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट पाने का इंतजार कर रहे लोगों को राहत दी है। केडीए ने 205 रिक्त फ्लैटों के आवंटन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक आवेदक 2 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। 

विशेष कार्याधिकारी-उप जिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि पहले इन फ्लैटों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2025 निर्धारित थी। लेकिन जनता की मांग को देखते हुए इसे 15 कार्यदिवस तक बढ़ा दिया गया है।
केडीए के अनुसार आवेदन फार्म एचडीएफसी बैंक की सभी शाखाओं से प्राप्त किए जा सकते हैं और वहीं जमा भी किए जाएंगे। इसके अलावा मोतीझील कैंपस में भी आवेदन जमा करने की सुविधा दी गई है, हालांकि वहां फार्म का वितरण नहीं होगा। केडीए ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक आवेदक समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले सस्ते मकान का लाभ उठाया जा सके। पंजीकरण शुल्क 5000 रुपये जमा करना होगा। पात्रता की जांच के बाद चयन प्रक्रिया लॉटरी प्रणाली से पूरी की जाएगी।
केडीए के विज्ञापन के अनुसार महावीर नगर में 139 फ्लैट, भागीरथी-जान्हवी में 24 व सकरापुर में 12 फ्लैट हैं। इन तीनों स्थानों पर बने फ्लैट का कार्पेट एरिया 23.27 मीटर है। केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान 2.50 लाख रुपए के बाद लाभार्थी को केवल 3.63 लाख रुपये देने होंगे।इसके अलावा रामगंगा इन्कलेव में 20 प्लॉट है। यह फ्लैट अन्य की अपेक्षा में कुछ बड़े हैं। सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान के बाद लाभार्थी को 5.06 लाख रुपए देने होंगे।
केडीए ने आरक्षण व्यवस्था के तहत अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के लिए अलग-अलग संख्या निर्धारित की है। महावीर नगर योजना में सर्वाधिक प्लॉट उपलब्ध हैं, जहां सामान्य वर्ग के लिए 73 प्लॉट रखे गए हैं। वहीं, अनुसूचित जनजाति के लिए एक, अनुसूचित जाति के लिए 29 व ओबीसी के लिए 23 फ्लैट हैं।
इसके अलावा रामगंगा इन्क्लेव में सामान्य के लिए 14, अनुसूचित जाति व ओबीसी के लिए तीन तीन फ्लैट हैं। भागीरथी-जान्हवी में सामान्य के लिए 15, अनुसूचित जाति के लिए तीन व ओबीसी के लिए 13 फ्लैट आरक्षित हैं। वहीं, सकरापुर योजना में सामान्य वर्ग के लिए 6, अनुसूचित जाति व ओबीसी के लिए तीन तीन फ्लैट हैं।