
संवाददाता
कानपुर। साउथ जोन में चोरों ने मंदिर समेत दो जगहों को निशाना बनाकर लाखों का माल पार कर दिया। चोरी की घटनाएं हनुमंत विहार व गुजैनी थानाक्षेत्र में हुई।
पुलिस ने जांच पड़ताल करके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जांच में कुछ संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज में कैद पाए गए है।
पहले मामले में थाना हनुमंत विहार में दिन दहाड़े डब्ल्यू ब्लाक केशव नगर स्थित रामेष्ट धाम मंदिर के दान पात्र का ताला तोड़कर हजारों की चोरी हो गई।
केशव मधुबन सेवा समिति के राजेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि मंदिर के अंदर रखे दानपात्र का ताला तोड़कर अंदर दान के करीब 30 से 40 हजार रुपए पार हो गए।
मामले में हनुमंत विहार थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दूसरे मामले में गुजैनी के ई ब्लाक निवासी आशीष कुमार दुबे किराए के मकान में रहते है, वह घर पर ताला लगाकर काम से गए थे। वापस आने पर उनके घर का ताला टूटा पड़ा था।
वहीं, घर के अंदर रखे करीब एक लाख के जेवरात व 8 हजार की नकदी समेत तीन मोबाइल फोन गायब थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत गुजैनी पुलिस से की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज करके आसपास लगे सीसीटीवी के जरिए चोरों की जाँच पड़ताल शुरू कर दी है।






