
संवाददाता
कानपुर। केडीए के प्रवर्तन दल ने लगभग 40500 वर्ग मी. भूमि पर हुए अवैध निर्माणो के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करी। प्रवर्तन दल जोन-1बी के विशेष कार्याधिकारी – उपजिलाधिकारी डा.रवि प्रताप सिंह नेतृत्व में सीलिंग की कार्यवाही सम्पन्न की गयी। निर्माणकर्ता मो. अजीज, संदीप वर्मा के ग्राम- सहजनी, रकबा देवारा शुक्लागंज, उन्नाव में 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में हो रही अवैध प्लाटिंग की सीलिंग की कार्रवाई करी गई। इसी तरह महेश, विश्राम व अन्य की ग्राम-चिरान, कानपुर 12000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में की जा रही प्लाटिंग के विरुद्ध सीलिंग की कार्यवाही की गयी। सील किए गए दोनों परिसरों को थाना- गंगाघाट, शुक्लागंज एवं थाना-बिठूर की पुलिस अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। डा. रवि प्रताप सिंह, विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-1बी) / उपजिलाधिकारी ने अवगत कराया कि हर मोहन गुप्ता व अन्य आराजी के संख्या-930 / 929 व अन्य ग्राम-बैरी अकबरपुर बांगर, कानपुर रकबा लगभग 13000 वर्ग मीटर, अभिनव दुबे, शंकर लाल व अन्य के आराजी संख्या-375, 376, 377 व अन्य ग्राम-बगदौदी बांगर कछार, मन्धना, में लगभग 10000 वर्ग मीटर, दयाशंकर यादव, योगेश गुप्ता, गजेन्द्र सिंह व अन्य की आराजी संख्या-350, 351, 403, 404 ग्राम-बगदौधी बांगर, में लगभग 3000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। उपरोक्त तीनों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध ध्वस्तीकरण नोटिस निर्गत किया गया। नोटिस में विकासकर्ताओं को 15 दिवस में अवैध, अनाधिकृत निर्माण को स्वतः ध्वस्त किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
यदि निर्धारित समयावधि में विकासकर्ता अपने अनाधिकृत निर्माण को स्वतः ध्वस्त नहीं करेंगे, तो पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सम्पादित की जायेगी।
राघवेंद्र सिंह व अन्य ने प्लाट संख्या – 43, 44 गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी, क्रिस्टल प्लाजा गेस्ट हाउस के पीछे, पत्रकारपुरम्, कानपुर नगर में लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में भूमि सहित 4 तलों पर निर्माण किया गया है। जिसका स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखाया गया। इस अवैध निर्माण को भी सील कर दिया गया।
डा. रवि प्रताप सिंह, विशेष कार्याधिकारी- उपजिलाधिकारी द्वारा आम जनमानस से यह अपील की गयी है कि प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित प्लाटिंग में भूमि क्रय किये जाने से पूर्व कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत की जानकारी स्वयं प्राप्त करने के उपरान्त भूमि क्रय करना सुनिश्चित करें साथ प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण करना सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में सम्भावित आर्थिक / मानसिक क्षति से बचा जा सकें ।
केडीए के प्रवर्तन दल की भविष्य में सतत अभियान चलाकर निरोधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी। सीलिंग कार्यवाही के दौरान अवर अभियन्ता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह, संबंधित थाने का पर्याप्त पुलिस बल उपस्थित रहा ।






