February 7, 2026

संवाददाता

कानपुर। शासन ने कानपुर के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विनोद कुमार सिंह का तबादला कर दिया। उन्हें भीमराव अकादमी मुरादाबाद का आईजी बनाया गया है। विनोद कुमार सिंह कानपुर में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर क्राइम एवं हेडक्वार्टर का कार्यभार देख रहे थे। इसके साथ ही ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर आशुतोष कुमार एडीजी रैंक पर प्रोन्नत हो चुके हैं, जिसके बाद उन्हें पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड भेजा गया है।
नई तैनाती न होने के चलते आशुतोष कुमार अभी भी कार्यभार देख रहे हैं। ऐसे में लखीमपुर खीरी के एसपी संकल्प शर्मा और मेरठ के एसपी विपिन टाडा को कानपुर नगर का ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। दोनों आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारी पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल तय करेंगे।
मूलरूप से राजस्थान जोधपुर के रहने वाले विपिन टाडा यूपी कैडर के 2012 बैच के आईपीएस ऑफीसर हैं। एक जनवरी 2026 को उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया था। आईपीएस विपिन टाडा ने पुलिस सेवा में आने से पहले एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी और राजस्थान में चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्य किया था।
उन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और अपराध के प्रति सख्त रवैये के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके साइकिल पर गश्त करके जनता से जुड़ने की पहल की सराहना की थी।
संकल्प शर्मा 2012 बैच के यूपी कैडर के अधिकारी हैं। जनवरी 2026 में उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया था। उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई आईआईटी रुड़की से की है। देवरिया में एसपी के रूप में तैनाती के दौरान अगस्त 2024 में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे हाथ में डंडा लेकर और डिवाइडर फांदकर उपद्रवियों को खदेड़ते नजर आए थे। इस साहसिक कार्य के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ‘सिंघम’ के नाम से जाना जाने लगा। 

Related News