
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के उत्तरी पूरा ग्राम पंचायत मदारा राय गुमान में लाखों रुपए की लागत से बनी इंटरलॉकिंग सड़क एक साल के भीतर ही बदहाल हो गई है। ब्लॉक प्रमुख निधि से निर्मित यह सड़क अब पूरी तरह से जंगल में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क बीते वर्ष बनाई गई थी। जय शिव, शिव शंकर दयाल, अनिल कुमार और छोटे जैसे स्थानीय निवासियों के अनुसार, निर्माण के एक साल बाद भी सड़क की कभी साफ-सफाई नहीं की गई।
सड़क के दोनों ओर बड़ी-बड़ी घास उग आई है, जिसके कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क की यह दुर्दशा रखरखाव के अभाव को दर्शाती है।
इस पूरे मामले पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सिपाही लाल कठेरिया ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि उन्हें सड़क की बदहाली की सूचना मिली है और जल्द ही इंटरलॉकिंग सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।
कठेरिया ने आगे बताया कि नई मिट्टी पड़ने के कारण वर्षा ऋतु में दोनों ओर से मिट्टी धुल गई है, जिससे सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इसी वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई है।






