March 15, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
आज नगर में यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा सम्पन्न हुई। जीएनके इंटर कॉलेज में चेकिंग के दौरान हाथों के धागे और कलावा कटवाए गए।
अभ्यर्थी हाथ में जूते पकड़कर लाइन में खड़े दिखाई दिए। जूते, मोजे और बेल्ट उतरवा लिए गए। परीक्षा देकर निकलने वाले परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर काफी आसान था।
महिला कैंडिडेट्स की ज्वैलरी उतरवा दी गई। चूड़ी, बिछिया और कान की बाली निकलवाकर ही परीक्षा केंद्र में एंट्री दी गई। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की 3 लेयर में चेकिंग की गई। सिर्फ प्रवेश पत्र और आईडी के साथ ही अंदर जाने दिया गया। ड्यूटी पर लगे पुलिसवालों के फोन भी जमा करा लिए गए। सीसीटीवी  से चप्पे-चप्पे की मॉनिटरिंग की गई।
पहली शिफ्ट में 19440 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। वहीं, दूसरी शिफ्ट की परीक्षा 3 बजे से शुरू हुई और 5 बजे खत्म हुई। अभ्यर्थियों की 2 बजे से एंट्री शुरू की गई । भर्ती परीक्षा के लिए कानपुर में कुल 53 केंद्र बनाए गए थे । दो दिन 14 और 15 मार्च को दो पालियों में 77760 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड हैं। हर पाली में 19440 अभ्यर्थी बैठ रहे हैं।
इस परीक्षा के लिए कानपुर में 1477 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई । वहीं 132 पुलिस कर्मी रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर तैनात किए गए । जिससे आने जाने वाले अभ्यर्थियों को समस्या न हो।
परीक्षा केंद्र के प्रवेश गेट पर ही प्रवेश पत्र और आईडी चेक की गई। जूते मोजे उतरवाए गए। फिर चेकिंग की गई। यहां से किसी भी तरह की कोई भी चीज ले जाने की अनुमति नहीं थी । अभ्यर्थी केवल पेन और प्रवेश पत्र, आईडी ले जा सके।

आंखों की रेटिना मैचिंग मशीन से चेक की गई। इसके बाद ही अभ्यर्थीयों को परीक्षा कक्ष में भेजा गया।

Related News