
संवाददाता
कानपुर। नगर और आसपास के मंडल में मौसम के करवट लेने से झमाझम बारिश हुई। दिनभर हुईं कभी हल्की तो कभी तेज बौछारों से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बीते 24 घंटे में 21.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हवा की दिशा दक्षिण–पश्चिमी रही और इसकी गति 4 से 6 किमी प्रति घंटा रही। अधिकतम आर्द्रता 92 प्रतिशत और न्यूनतम 71 प्रतिशत दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 सितम्बर को भी कानपुर मंडल में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान रुक–रुक कर बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आज दिनभर घने बादल छाए रहेंगे और शाम तक हल्की बूंदाबांदी होगी। वहीं, हवाएं दक्षिण–पश्चिमी दिशा से चलेंगी, जिनकी गति करीब 8 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे शहरवासियों को उमस से राहत मिली है। हालांकि, बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को बीच–बीच में चिपचिपी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है।






