March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
गंगा बैराज में मैगी खाने के दौरान मारपीट का आरोप लगाने वाले कोहना में तैनात सिपाही का नशेबाजी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में सिपाही सादी वर्दी में गंगा बैराज पर स्थित शराब ठेके की कैंटीन के बाहर सजी मेज में शराब की बोतल रखकर नशेबाजी करता नजर आ रहा है। नशे में धुत सिपाही गाली-गलौज भी कर रहा है। 

इसी सिपाही ने 17 सितंबर को नवाबगंज थाने में हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कोहना थाने में तैनात सिपाही दीपक कुमार पुलिस की डाक का आदान–प्रदान करने का काम करता है। दीपक ने नवाबगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया था कि 14 सितंबर को वह कोहना थाने की गंगा बैराज पर बनी चौकी में चौकी इंचार्ज से किसी काम से मिलने गया था।
चौकी इंचार्ज के न मिलने पर वह सामने बने मैगी प्वाइंट पर मैगी खाने चला गया। इस दौरान वहाँ पहले से ही मौजूद कल्लूपुरवा के रामनिहालपुर गांव निवासी रंजीत ने उसे गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों से सड़क पर गिराकर पीटा। 

इसके बाद सिपाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में सिपाही की ओर से कही गई बातें गलत साबित हो रही है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि सिपाही मैगी खाने के बजाए शराब ठेके की कैंटीन पर नशेबाजी करते हुए दिख है, इसके साथ ही वह लोगों से गाली–गलौज भी कर रहा है। 

मामले की जांच कर रहे नवाबगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। मामले की जांच करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।