
संवाददाता
कानपुर। चकेरी क्षेत्र में एक महिला ने पति पर गम्भीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसे अतिरिक्त दहेज के लिए पांच लाख की मांग की जा रही थी, न दे पाने के कारण ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे और पति ने उसके ऊपर पेशाब करके उसे अपमानित किया है। पीड़िता ने चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है।
चकेरी निवासी महिला के अनुसार उनका विवाह कानपुर देहात के एक गांव निवासी युवक के साथ हुआ था। पीड़िता ने बताया कि शादी के कुछ माह बाद आरोपित पति के साथ ही सास, ससुर, ननद व नन्दोई समेत परिवार के अन्य सदस्य दहेज में पांच लाख रुपये लाने की मांग करने लगे।
दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपित उन्हें शारीरिक व मानासिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। महिला ने बताया कि उनका पति शराब का लती है। जिसके चलते उसने सारे जेवरात बेचकर शराब और जुए में रुपये उड़ा दिया।
उसके बाद उन्होंने बेटी को जन्म दिया। बेटी के पैदा होने के बाद ससुरालीजन ताना मारने लगे। आरोप है कि आरोपी पति नशे की हालत में घर में आकर उनके साथ मारपीट करता था। साथ ही उनके ऊपर पेशाब करके अपमानित करता था।
आरोपितों ने 14 अगस्त 2024 को पीड़िता और बेटी को घर से निकाल दिया। इसके बाद से वे मायके में रह रही हैं। ससुरालीजनों के न मानने पर उन्होंने चकेरी थाने में शिकायत दर्ज की। इंस्पेक्टर चकेरी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।