March 8, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नवाबगंज में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में युवक ने साथियों के साथ मिलकर वृद्ध के घर में घुसकर गाली-गलौज व मारपीट की। इतना ही नहीँ आरोपियों ने उनके बेटे का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया और पुलिस से शिकायत करने पर धमकाया।
वीडियो बनाने पर आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल छीन कर धक्का–मुक्की शुरू कर दी। वृद्ध ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की, जिस पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
नवाबगंज स्थित परवरिश बगला सोसाइटी निवासी 70 वर्षीय मनमोहन जालान ने बताया कि सोसाइटी में रहने वाले संजय नेवटिया जबरन उनकी पार्किंग में कार व कूड़ादान रखते है। कई बार सोसाइटी के पदाधिकारियों से शिकायत के बावजूद कुछ नहीं हुआ। तब उन्होंने आईजीआरएस में शिकायत की।
जिस पर आरोपी रंजिश मानने लगे। आरोपियों ने अपने साथी सोहित गुप्ता, श्याम गुप्ता, रमेश गुप्ता, राहुल गुप्ता, शुभम नेवटिया, मयंक नेवटिया समेत अन्य के साथ उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपितों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और उनके बेटे का गला दबाकर जान से मारने की प्रयास किया।
जब उन्होंने मामले की शिकायत नवाबगंज पुलिस से की तो आरोपियों ने जबरन समझौता करा लिया। जिसके बाद वृद्ध ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर कार्यालय में की। 

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।