November 18, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  ककवन थाना परिसर में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। बिल्हौर एसीपी अमरनाथ यादव ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।
यह अभियान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उन्हें सम्मान दिलाने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। 

महिला पुलिस कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि मिशन शक्ति केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समग्र सशक्तिकरण पर केंद्रित है।
एसीपी अमरनाथ यादव ने महिलाओं को तत्काल सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शामिल हैं। उन्हें बताया गया कि किसी भी परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिला हेल्प डेस्क के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, जहां महिलाएं बिना किसी संकोच के गोपनीय तरीके से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। इसके अतिरिक्त, कन्या सुमंगला योजना जैसी महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की प्रारंभिक जानकारी भी दी गई, ताकि वे इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
इस कार्यक्रम में बिल्हौर एसीपी अमरनाथ यादव, ककवन थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत, महिला आरक्षी कीर्ति पाल, ग्राम प्रधान ककवन राजू स्वर्णकार, गढ़ेवा ग्राम प्रधान हिमांशी मिश्रा सहित थाना स्टाफ और सैकड़ों महिलाएँ मौजूद रहीं।