
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर तहसील में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह के निर्देशन में सुबह 10 बजे से कार्यवाही शुरू हुई। घाटमपुर, सजेती, साढ़ और रेवना थानों की संयुक्त टीम ने भूमि विवादों के निस्तारण के लिए काम किया।
तहसीलदार लक्ष्मी नारायण वाजपेयी की अगुवाई में नायब तहसीलदार शिवम, राजेश और धर्मेंद्र की टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने पुराने भूमि विवादों को प्राथमिकता दी। तहसील, थाने और उच्च स्तर पर प्राप्त शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया।
गर्मी के मौसम में भी राजस्व और पुलिस टीम ने पूरी मेहनत से काम किया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि थाना समाधान दिवस भूमि विवादों के निस्तारण का प्रभावी मंच है। राजस्व और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई से विवादों का समाधान आसान हो जाता है।
उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। आपसी सहमति से भी विवादों को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
ग्राम तरगांव के कुँवरपाल व लीला देवी के मध्य चकबन्दी पूर्व से कब्जे को लेकर भूमि विवाद।मौके पर ही पक्षों को सुना गया व न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन पाया गया।उभय पक्ष न्यायालय से निस्तारण कराने पर सहमत हुए व निस्तारण किया गया।
ग्राम हिरनी के अरुण कुमार मिश्र व अन्य काश्तकार के मध्य चल रहे भूमि विवाद का निस्तारण कराया गया व कब्जे की समस्या का समाधान हुआ।
बरदौलतपुरपुर के देव नरायन व शिवकुमार के मध्य पत्थरगड़ी की समस्या का विवाद था।कब्जे को लेकर पक्ष विवाद कर रहे थे।राजस्व व पुलिस टीम ने पुनः कब्जा दखल कराया।
बरदौलतपुर के ही रमाकांत शंखवार व जितेंद्र शंखवार के मध्य रास्ते के विवाद का निस्तारण समझौते के आधार पर, ग्राम पड़रीलालपुर के रामकान्ति सागर के भूमि विवाद का समाधान कराया गया।
ग्राम गुछुपुर में उचित दर दुकान में ग्राम प्रधान द्वारा निजी दुकान बनवाकर जनरल स्टोर चलाने की शिकायत प्राप्त हुई थी जिसमें मौके पर जाँच में सही पायी गयी।तत्काल दुकान 2 घण्टे में खाली करायी गयी व आज उसे सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित कर दिया गया।
ग्राम चितौली में ग्राम सभा की सरकारी भूमि पर अंत्येष्ठिस्थल बनाने को लेकर अन्य काश्तकारों से विवाद था जिसे नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस व ब्लॉक की टीम द्वारा समाधान किया गया।
कोरिया पश्चिम की मंजू पाल व आशा देवी के मध्य भूमि विवाद के निस्तारण हेतु नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम भेजी गई।मौके पर निस्तारण का प्रयास किया गया।सहमति नहीं बनी।पुनः पक्षों को बुलाकर सुनवाई की गई।पक्षों ने निस्तारण के लिए समय मांगा पुनः जाँच की मांग की।
ग्राम तिलसड़ा में खेल के मैदान की भूमि पर यूकेलिप्टस लगे होने व अवैध कब्जे की शिकायत का संज्ञान लेकर जाँच कराई गई तथा खेल के लिए प्रयोग हेतु बीडीओ पतारा को निर्देश दिए गए।इसके लिए यूकेलिप्टस की नियमानुसार नीलामी कराकर उपयुक्त बनाने के निर्देश दिये गए।
ग्राम बमहौरि में थाना सजेती से टीम रवाना कर आशा प्रसाद के घर की खिड़की व दरवाजा न लगने देने के विवाद का समाधान कराया गया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न थानों से आज राजस्व व पुलिस की अन्य टीमें भेजकर 4 अन्य प्रकरणो का समाधान किया गया।






