May 24, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
नगर में तापमान अब तेजी से चढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे के दौरान 2 डिग्री तापमान चढ़ गया। जिससे अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल माह के पहले सप्ताह से पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। अभी से लू चलने की संभावनाएं बनने लगी हैं।
बीते 72 घंटों से दिन का पारा लगातार चढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में दो डिग्री तापमान में वृद्धि होगी और तापमान 40 के करीब पहुंच जाएगा।
विक्षोभों और मौसमी सिस्टमों के कारण यूपी के नीचले भाग और करीबी पूर्वी राज्यों में उथल-पुथल जारी है। अभी तक मौसम स्थाई नहीं हो पाया है। मध्य प्रदेश से नजदीकी के कारण तापमान में जिस तेजी से बढ़ोतरी होनी थी वह नहीं हो पाई है। शुक्रवार सुबह से कड़ी धूप निकली हुई है।
रात का तापमान अभी सामान्य से नीचे बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री कम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इससे रात और सुबह थोड़ी राहत बनी हुई है। 

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि रात के तापमान में भी अब बढ़ोत्तरी होगी। दिन पर दिन अब तापमान में लगातार तेजी से वृद्धि होगी।