May 20, 2026

• कॉलेज छात्र ने सहपाठी पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप।

संवाददाता 
कानपुर। 
नगर में साइबर अपराध के दो मामलों सामने आए है। पहले मामले में चकेरी में योनो ऐप अपडेट कराने के बहाने एक व्यक्ति से 4.85 लाख रुपये ठग लिए गए, जबकि दूसरे मामले में एक कॉलेज छात्र ने अपने ही सहपाठी पर बैंक खाते का दुरुपयोग कर साइबर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
चकेरी निवासी भरत लाल पाण्डेय ने बताया कि उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को स्टेट बैंक का कर्मचारी बताया। उसने योनो ऐप अपडेट कराने के नाम पर उनसे मोबाइल पर बैंक से जुड़ी जानकारी ले ली।

अगले दिन जब उन्होंने खाता चेक किया तो दो नए बेनिफिशियरी जोड़कर 4,85,030 रुपये ट्रांसफर किए जा चुके थे। ठगी का पता चलते ही उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, जालसाजों ने पहले खाते में नए बेनिफिशियरी जोड़े और फिर रकम ट्रांसफर कर दी। इस तरह की ठगी में आमतौर पर ओटीपी या बैंक डिटेल हासिल कर खाते पर पूरा नियंत्रण कर लिया जाता है।
दूसरा मामला पीएसआईटी कॉलेज के बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र एनोस इमैनुएल से जुड़ा है। छात्र ने आरोप लगाया कि 2023 में उसकी दोस्ती हैप्पी सचान से हुई थी। भरोसे में लेकर आरोपी ने उसका मोबाइल इस्तेमाल किया और धीरे-धीरे बैंक खाते की जानकारी व एमपिन  हासिल कर लिया।
पीड़ित के मुताबिक, उसकी जानकारी के बिना उसके खाते का इस्तेमाल संदिग्ध ट्रांजैक्शन के लिए किया गया। आरोपी कई बार उससे एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए भी कहता था। शक होने पर छात्र ने परिजनों को जानकारी दी और आरोपी से दूरी बना ली।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Related News