
संवाददाता
कानपुर। एक युवक से क्वांटम एआई में निवेश के नाम पर 45.93 लाख रुपए की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया। पीड़ित को इसकी जानकारी तब हुई जब उसने मुनाफे की रकम निकालने का प्रयास किया। पीड़ित ने मामले में साइबर थाना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक जिन खातों में पैसा गया है उनकी जांच की जा रही है।
ई ब्लॉक, श्याम नगर निवासी संतोष कुमार मिश्र प्राइवेट कर्मी है। उनके मुताबिक 12 फरवरी 2025 को वो अपनी ईमेल चेक कर रहे थे। उसी में एक क्वांटम एआई का विज्ञापन पॉप अप हुआ। उन्होंने उसपर क्लिक किया तो विज्ञापन में लिखा था कि क्वांटम एआई में निवेश कर समय समय पर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।
संतोष ने उस विज्ञापन में दिए गए फॉर्म के जरिए पंजीकरण कर दिया। जिसके बाद उन्हें 13 फरवरी 2025 को एक ईमेल मिला। जिसमें उनका वॉट्सऐप नम्बर मांगा गया। उन्होंने ईमेल के जरिए ही अपना वॉट्सऐप नम्बर भेज दिया। जिसके बाद एक ट्रेडिंग ग्रुप से उनका नम्बर जोड़ दिया गया।
संतोष के मुताबिक ग्रुप में एक लिंक भेजकर उन्हें क्वांटा पल्स नाम की ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराई गई। जिसके बाद उन्होंने बताए गए टिप्स के अनुसार उसी एप के जरिए ट्रेडिंग शुरू कर दी। संतोष के मुताबिक उन्होंने अपने दो क्रेडिट कार्ड और तीन बचत खातों से 45.93 लाख रुपए का निवेश कर दिया। जो कि अलग अलग खातों में मंगाए गए थे।
जिस एप पर वो ट्रेडिंग कर रहे थे। उसमें उनके खाते में मुनाफे की रकम भी दिख रही थी। 3 मार्च 2025 के बाद जब उन्होंने अपने मुनाफे की रकम निकालने का प्रयास किया तो उनसे तमाम मदों में फीस मांगी जाने लगी। तब उन्हें फ्रॉड होने का पता चला।
इंस्पेक्टर साइबर थाना सुनील कुमार वर्मा के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जिन खातों में पैसा गया है उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही पुलिस घटना का खुलासा कर युवक को पैसा वापस दिलाने का प्रयास करेगी।