June 18, 2026

संवाददाता
कानपुर।
कल्याणपुर थानाक्षेत्र के दलहन क्रॉसिंग इलाके में दंपति पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले, पुलिस आरोपी सास और साली को जेल भेज चुकी है। यह घटना बच्चों के मामूली विवाद के बाद हुई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना बीते रविवार देर रात की है। कानपुर देहात के रानियां निवासी सुरेंद्र उर्फ छोटू अपनी पत्नी सोनी (गैर समुदाय) और चार बच्चों के साथ दलहन क्रॉसिंग के सामने अपनी ससुराल में रह रहा था। बच्चों के बीच किसी बात पर हुए मामूली विवाद ने जल्द ही बड़ा रूप ले लिया।
विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र पर उसकी साली रुनिशा, सास नज़बून, साले लंबू और इकरार ने कुल्हाड़ी समेत अन्य धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। पति को बचाने पहुंची उसकी पत्नी सोनी को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। हमले में सुरेंद्र और सोनी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जांच के दौरान, पुलिस ने शनिवार को दलहन क्रॉसिंग के पास से हमले में शामिल इकरार अली, उस्मान अली, मोहम्मद यूनूस और इरफान अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। 

Related News