आ स. संवाददाता
कानपुर। सर पदमपत सिंहानिया एजूकेशन सेण्टर में जे.के. समूह के 140 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर इस समारोह की शोभा बढाई।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के द्वारा भगवान श्री द्वारिकाधीश जी के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि रामनाथ कोविंद ने राष्ट्र उत्थान में जे. के. संगठन की अतुलनीय भूमिका को आलोकित करते हुए विद्यालय की भूरि-भूरि प्रशंसा की व कानपुर शहर के वैभवशाली इतिहास तथा स्वर्णिम भविष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की एवं अपने सारगर्भित और प्रेरणादायक शब्दों से उपस्थित सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ दीं।
जे.के.समूह के अध्यक्ष अभिषेक सिंहानिया ने मुख्य अतिथि का हार्दिक स्वागत करते हुए जे.के. समूह की 140 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जे.के. संगठन की 140 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को पी.पी.टी. के माध्यम से वृत्तचित्र के रूप में प्रस्तुत किया गया जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में जे.के. संगठन की उपलब्धियों और विकास यात्रा को दर्शाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन मनोरमा गोविन्द हरि सिंहानिया, वाइस चेयरमैन अभिषेक सिंहानिया, वाइस चेयरपर्सन वर्षा सिंहानिया, वाइस चेयरमैन व डायरेक्टर पार्थो पी. कर, प्रधानाचार्या भावना गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ इस समारोह का समापन हुआ।