June 16, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  एक महिला को पति ने लात-घूसों से पीटा और उसे तलाक दे दिया। पीड़िता ने बादशाहीनाका थाने में पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया कि ससुरालवाले 10 लाख दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।
कुली बाजार बादशाहीनाका निवासी शबनम परवीन के मुताबिक उनकी शादी फारूख उर्फ शानू से हुई थी। शादी में उनके परिवार ने घर गृहस्थी के सामान के लिए पांच लाख रुपए, 6 तोला सोना और आधा किलो चांदी के जेवर दिए थे।
शबनम के मुताबिक शादी के बाद कुछ समय तक सबकुछ ठीक चला मगर फिर धीरे धीरे पति और ससुराल वालों ने कम दहेज लाने का ताना देना शुरू किया और दस लाख रुपए अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। दहेज के लिए पीड़िता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने लगे।
पीड़िता के मुताबिक, इस बीच उसने एक पुत्र को जन्म दिया। तब उसे लगा कि अब सब कुछ ठीक हो जाएगा। मगर ऐसा नहीं हुआ। पुत्र के जन्म के बाद पति और ससुराल वालों ने ज्यादा प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीड़िता के पिता का देहांत हो गया। तब पति और ससुराल वालों ने उसके जेवर छीनकर घर से निकाल दिया। फिर भी वो घर वापस लौटी और रिश्ता बचाने के लिए घर पर रहने लगी। 

पीड़िता के मुताबिक, 20 जनवरी 2025 की रात आठ बजे पति घर पहुंचा। वहां पर उससे झगड़ा हुआ। तब पति ने कहा कि मैंने दूसरी शादी कर ली है और मैं तुझे तलाक देता हूं।
इंस्पेक्टर बादशाहीनाका के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।