February 13, 2026

आ स. संवाददाता 

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के  स्कूल आफ आर्ट्स ह्यूमैनिटीज ऐंड सोशल साइंसेस के समाज कार्य विभाग द्वारा एमएसडब्ल्यू एवं एमआरएमइ पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों द्वारा पांच दिवसीय ग्रामीण शिविर का आयोजन दिनांक 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक  विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव ईश्वरीगंज,बिठूर कानपुर में किया गया।

विद्यार्थियों के द्वारा प्रथम दिवस में गांव का रिसोर्स मैपिंग किया गया, साथ ही प्राकृतिक संसाधनों एवं मानव निर्मित संसाधनों की पहचान की गई। 

द्वितीय दिवस के अवसर पर शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा गांव का बेसलाइन सर्वे किया गया जिसमें वहां के निवासियों की आधारभूत आवश्यकताओं एवं समस्याओं की पहचान करते हुए भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लाभ पाने की स्थिति का अध्ययन किया गया। 

तीसरे दिन गांव के निवासियों एवं प्राथमिक विद्यालय के सभी विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के साथ व्यक्तिगत हेल्थ एवं हाइजीन विषय पर एक कार्यशाला कराई गई, जिसमें रामा मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने प्रतिभाग किया, उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए बताया की किस तरीके से व्यक्तिगत स्वच्छता को अपने जीवन शैली में उतार कर हमें बीमारियों से दूर रहना है, साथ ही उन्होंने लोगों को कुछ आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए निशुल्क स्वास्थ्य किट उपलब्ध कराया। 

चतुर्थ दिवस पर एमएसडब्ल्यू एवं एमआरएमइ के विद्यार्थियों के साथ मिलकर सभी शिक्षकों ने भी स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया, इसके अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई की गई इसके पश्चात 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के उपलक्ष्य में घर-घर जाकर सभी विद्यार्थियों ने लोगों को पंचायत की भूमिका, ग्राम प्रधानों के उत्तरदायित्व, पंचायती राज अधिनियम के मुख्य प्रावधानों इत्यादि के विषय में जागरूकता का प्रसार किया गया। स्कूल के विद्यार्थियों के साथ मिलकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें पंचायती राज अधिनियम के अंतर्गत प्रावधानित थ्री टियर सिस्टम, न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत, जिला पंचायत, ग्रामप्रधान,आंगनवाड़ी,आशा से संबंधित प्रश्न पूछे गए, उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप फल वितरित किए गए। 

पंचम दिवस एवं ग्रामीण शिविर के अंतिम दिन छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर एवं श्री रामलला आरोग्यधाम हास्पिटल कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन प्रो. नीरज कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. मानस उपाध्याय तथा डॉ.अभिषेक मिश्रा को आमंत्रित किया गया।  साथ ही विशेषज्ञ के रूप में श्री रामलला आरोग्यधाम हास्पिटल की नेत्र विशेषज्ञ-डा. प्रिया कटियार एवं जनरल फिजिशियन डा.ए.के गुप्ता तथा अन्य मेडिकल स्टाफ ने मिलकर पेशेंट्स को निशुल्क दवाओं का वितरण किया, साथ ही उन्हें अन्य आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए विशेष सुझाव देने का कार्य भी किया। इस अवसर पर प्रो. नीरज कुमार सिंह ने ग्राम वासियों को स्वागत करने के साथ ही स्कूल की टीम का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने स्वच्छता एवं साफ-सफाई को अपने दिनचर्या में शामिल करने के लिए एक आवश्यक कदम बताते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर यदि इस स्वच्छता के कार्य में लग जाएंगे तो हम निश्चित ही स्वस्थ समाज का निर्माण कर पाएंगे। 

इस अवसर पर डॉ. एस.पी.वर्मा ने अपने उद्बोधन में स्वच्छता एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि स्वच्छता ही सभ्यता का प्रथम सोपान है, व्यक्तिगत रूप से हमारा यह दायित्व है कि हम समाज की उन्नति के लिए सार्थक कदम बढ़ाने का कार्य करें। 

इस शिविर में विभाग के शिक्षक डॉ.ए.पी.सिंह, डॉ.उर्वशी,  सत्येंद्र सिंह चौहान, सुजीत सिंह,प्राथमिक स्कूल के प्रधानाचार्य मनीष कटियार  एवं अन्य शिक्षक गणों के अलावा विद्यार्थी गण उपस्थित रहे। आज के मेडिकल कैंप में 91 ग्राम वासियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया और शिविर में पहुंचकर लाभान्वित हुए।

Related News