April 18, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  पहले खुद को बेटे जैसा बताकर भरोसा जीता, फिर दिवंगत बेटे के नाम पर अस्पताल बनाने का झांसा देकर युवक ने बुजुर्ग दंपती की लाखों की रकम हड़प ली।

शहर के कल्याणपुर स्थित आवास विकास क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती के साथ 16.77 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पहले खुद को बेटे जैसा बताकर भरोसा जीता, फिर दिवंगत बेटे के नाम पर अस्पताल बनाने और शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर रकम हड़प ली। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद अब मामला दर्ज करके  जांच शुरू की गई है।

सत्यम विहार निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका पुष्पलता कटियार अपने पति रेशम विभाग से रिटायर्ड सहायक आयुक्त राजकिशोर कटियार के साथ रहती हैं। उनका बेटा जो दिल्ली एम्स में डॉक्टर था, उसका वर्ष 2019 में बीमारी के चलते निधन हो गया था।
पीड़िता के अनुसार दंपती के मृतक बेटे के लखनऊ स्थित मकान के सामने रहने वाला युवक सुनील कुमार वर्मा इस दौरान उनके संपर्क में आया और परिवार से घनिष्ठ संबंध बना लिए। बेटे की मौत के बाद वह अक्सर सांत्वना देने कानपुर आता-जाता रहा और धीरे-धीरे खुद को बेटे जैसा बताकर भरोसा जीत लिया।
आरोपी ने दंपती के दिवंगत बेटे के नाम पर चैरिटेबल अस्पताल बनाने की इच्छा का फायदा उठाया। उसने शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाकर अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच दिया।
उसकी बातों में आकर दंपती ने उसके खाते में 15.87 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए, जबकि 90 हजार रुपए नकद दिए। बाद में पता चला कि पैसा कहीं निवेश ही नहीं किया गया।
जब दंपती ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ितों ने दिसंबर 2024 में थाने में शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद उन्होंने दिसंबर 2025 में पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई। जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके करीब चार महीने बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Related News