
संवाददाता
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों ने हरियाणा में आयोजित तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
यह प्रदर्शनी कला समिति भिवानी, हरियाणा कला एवं संस्कृति विभाग, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय तथा पीटी सीताराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन, भिवानी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में देशभर से लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें सीएसजेएमयू के इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स के 12 विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में बीएफए तृतीय वर्ष के छात्र आस्तिक चौधरी ने अपनी उत्कृष्ट कलाकृति के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान पर बीएफए तृतीय वर्ष (पेंटिंग) के छात्र मुकुल तथा बीएफए द्वितीय वर्ष (पेंटिंग) की छात्रा कनिष्का को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु मेडल प्रदान किए गए।
इस अवसर पर इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स के सहायक प्रोफेसर डॉ. मंतोष यादव को उनके उत्कृष्ट समन्वय एवं नेतृत्व क्षमता के लिए “बेस्ट कोऑर्डिनेटर” के सम्मान से नवाज़ा गया ।
इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स के निदेशक डॉ. मिठाई लाल ने इस उपलब्धि पर सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विभाग के विद्यार्थी निरंतर परिश्रम एवं समर्पण के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा को निखार रहे हैं तथा राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की सृजनात्मक दृष्टि और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर विभाग के अन्य संकाय सदस्यों डॉ. राज कुमार सिंह, जे. बी. यादव, विनय सिंह, तनीषा वधावन, बप्पा माजी, डॉ. रणधीर सिंह, प्रिया मिश्रा एवं कीर्ति वर्मा ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों एवं समन्वयकों को बधाई दी।






