
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर में एक परिवार के साथ चोरी की वारदात हुई। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और 6.30 लाख रुपए की चोरी करके फरार हो गए। घटना बिरहाना गांव की है। बिल्हौर से दो किलोमीटर दूर ककवन रोड पर किराना दुकान चलाने वाले अशोक कुमार प्रजापति अपने परिवार के साथ रात को छत पर सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे उनकी पत्नी संतोषी दवा खाने के लिए उठीं। उन्होंने आंगन में लगे जाल से देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है।
संतोषी ने बेटी को जगाया और नीचे जाने लगीं। सीढ़ी का दरवाजा भी खुला मिला। पति को आवाज देने के बाद जब सभी नीचे पहुंचे तो अलमारी और बक्सा खुले मिले। सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से 1.30 लाख रुपए नकद और करीब 5 लाख रुपए के जेवर गायब थे। जेवरों में हार, झुमकी, पायल, अंगूठी, तोड़िया और बाला शामिल थे।
पीड़ित परिवार ने रात में कई बार 112 पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सुबह पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने अंधेरे और सड़क पर गुजरते वाहनों की आवाज का फायदा उठाया।
घटना में गृहस्वामी की लापरवाही भी सामने आई है। न तो घर के मुख्य दरवाजे पर ताला था, न ही बक्से और अलमारी में। यहां तक कि सीढ़ियों पर भी ताला नहीं लगा था। इस वजह से चोर बिना किसी रुकावट के चोरी करके फरार हो गए।






