March 4, 2026

संवाददाता

कानपुर।  सजेती पुलिस ने एक फर्जी दरोगा और उसके फॉलोवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कौशांबी जिले का रहने वाला आजाद सिंह जादौन खुद को दरोगा बताकर अपने साले सौरभ सिंह भदौरिया के साथ वसूली करता था।
आजाद ने 2023 में कानपुर में अपनी पोस्टिंग बताकर सजेती थाना क्षेत्र के डूहरु गांव की लड़की से शादी की थी। वह उन्नाव में किराए के कमरे में रहता था। उसने अपनी तैनाती कानपुर के गंगाघाट चौकी और बादशाही नाका थाने में होने का दावा किया था।
पिछले पांच सालों से आरोपी उन्नाव, कानपुर, बांदा, हमीरपुर और इटावा में अवैध वसूली कर रहा था। वह थाना क्षेत्रों में जाकर लोगों के घरों पर दबिश देता था। फिर उन्हें गांव के बाहर ले जाकर रुपए लेकर छोड़ देता था।
सजेती थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है।