• नियोक्ताओं ने शीघ्र पंजीकरण का दिया आश्वासन

संवाददाता
उन्नाव/कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), कानपुर ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VIKAS) के क्रियान्वयन को गति देने के लिए एक विशेष सेमिनार-कार्यशाला का सफल आयोजन किया। काउंसिल ऑफ लेदर एक्सपोर्ट्स (CLE), सेंट्रल रीजन के सहयोग से उन्नाव में आयोजित इस गहन चर्चा सत्र में क्षेत्र के 40 से अधिक प्रमुख नियोक्ताओं एवं उनके प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II, श्री कुमार अभिषेक ने जोर देकर कहा कि यह योजना नियोक्ताओं और कर्मचारियों दोनों के लिए एक लाभकारी पहल है, जिसमें शीघ्र पंजीकरण से ही अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।
जिला नोडल अधिकारी, उन्नाव, श्री चंद्र शेखर सिंह (प्रवर्तन अधिकारी) ने नियोक्ताओं से कर्मचारियों के समय से पंजीकरण की अपील करते हुए कहा, हमारा लक्ष्य है कि इस योजना का लाभ हर एक पात्र व्यक्ति तक पहुँचे और इसके लिए नियोक्ताओं का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में CLE, कानपुर की क्षेत्रीय निदेशक, श्रीमती पल्लवी दुबे ने भी उद्योग जगत की ओर से अपने विचार रखे। इस दौरान नियोक्ताओं द्वारा उठाए गए योजना संबंधी व्यावहारिक सवालों के त्वरित और स्पष्ट समाधान किए गए, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा।
कार्यशाला का एक महत्वपूर्ण परिणाम यह रहा कि सभी उपस्थित नियोक्ताओं ने अपने संस्थानों के पात्र कर्मचारियों का शीघ्रातिशीघ्र पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कराने का ठोस आश्वासन दिया। इसके साथ ही, ईपीएफओ की अन्य महत्वाकांक्षी पहल ‘ईईसी 2025’ के बारे में भी व्यापक चर्चा करते हुए उसके प्रसार पर जोर दिया गया।






